विधायक ने अपनी मौजूदगी में कराया सेनेटाइजेशन 
देहरादून। सहसपुर विधायक ने शुक्रवार को ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी में सेनेटाइजेशन कराया। जबकि सेलाकुई कस्बे को सेनेटाइज करने के लिए दो हस्तचालित मशीन मुहैया कराई। इसके साथ ही विधायक सहदेव पुंडीर ने राजकीय इंटर कॉलेज सेलाकुई में प्रशासन की ओर से ठहराए गए 19 मजदूरों का हाल जाना और प्रशासन को उनकी उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।


 विधायक ने अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पौंधा, बिधोली, गुसाई गांव सहित सेलाकुई कस्बे में अपनी मौजूदगी में सेनेटाइजेशन कराया। साथ ही ग्रामीणों को मॉस्क और सेनेटाइजर भी वितरित किए। इसके साथ ही विधायक ने सेलाकुई कस्बे को हर रोज सेनेटाइज करने के लिए दो हस्त चालित उपकरण दिए हैं। साथ ही बताया कि शनिवार को नगर निगम की ओर से कस्बे को सेनेटाइज किया जाएगा। राइंका सेलाकुई में प्रशासन की ओर से ठहराए गए मजदूरों का हाल जानने पहुंचे विधायक ने तहसील और पुलिस प्रशासन को सभी मजदूरों का समय समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और भोजन की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष सुखदेव फर्सवाण, अनिल नौटियाल, विनोद पाल, अमित अग्रवाल, शराफत अली, सुरेंद्र सिंह गुसाई आदि मौजूद रहे।